Showing posts with label गृहसज्जा. Show all posts
Showing posts with label गृहसज्जा. Show all posts

घर का व्यक्तित्व हैं एक्सेसरीज

मकान को घर बनाना कठिन, किन्तु बहुत ही उत्साहजनक कार्य है। ईट, गारा, सीमेंट और कंक्रीट के मकानों को घर बनाने में धन से ज्यादा हमारी भावनाएं, प्यार, समर्पण और व्यक्तित्व लगता है। इसी कारण बहुत से एक जैसे मकान अलग-अलग तरीके के घर दिखते है। इन अलग-अलग दिखने वाले घरों का मुख्य तत्व है, इनकी आंतरिक साज-सज्जा और रख-रखाव, जो हमारे व्यक्तित्व का आईना होता है।

हम कैसे व्यक्तित्व के स्वामी है, इसका सीधा प्रभाव हमारे घर की साज-सज्जा पर पड़ता है। घर में रखे फर्नीचर, दीवार पर लगाये गये रंग, सजायी गयी पेंटिंग्स और आर्टीफेक्ट्स, फर्नीशिंग्स आदि सभी हमारे व्यक्तित्व को प्रतिबिंबित करती है।

एक बार मकान ले लेने के बाद लोग सामान्यत: अपनी पसंद के अनुरूप घर की साज-सज्जा के स्टाइल को चुनते है। यह मार्डन, पारंपरिक, समकालीन या सबका सर्वोत्तम को-मिक्स हो सकता है। इन स्टाइलों के इर्द-गिर्द आप अपने घर की फ्लोरिंग, पेंटिंग, फर्नीचर, फर्नीशिंग्स आदि चुनती है, जो कि एक प्रकार से घर रूपी पेंटिंग का बैकग्राउंड बनाते है।

इस बैकग्राउंड के ऊपर आप भांति-भांति की एक्सेसरीज जो कि आर्टीफेक्ट्स, कालीन, पेंटिंग्स, म्यूरल, विशिष्ट सजावटी फर्नीचर, कालीन, फूल पत्ती आदि कुछ भी हो सकती हैं। इनको सजा इसे एक संपूर्ण पेंटिंग का रूप देते है, जो कि आपके व्यक्तित्व के विस्तार के रूप में घर में प्रदर्शित होती है। इन एक्सेसरीज का सही चुनाव और प्रयोग अति आवश्यक है, जिससे पूर्ण साज-सज्जा की एकरूपता बनी रहे।

शुरुआत करते है ड्राइंग रूम या लिविंग रूम से जहां साज-सज्जा मुख्यत: फॉर्मल होती है। साथ ही यह बाहर से आने वालों को स्वागत करती हुई प्रतीत होनी चाहिए। यहां उपलब्ध जगह के अनुरूप आप सजावटी सामान जैसे छोटी या बड़ी मूर्तियां, फ्लावर वास और अन्य भांति-भांति के आर्टीफेक्ट्स सजा सकती है।

दीवार पर भी आप पेटिंग्स, म्यूरल, वॉल हैगिंग्स या अन्य वॉल आ‌र्ट्स आदि सजा सकती है। इसी भांति फर्श पर दरी पर्शियन या भारतीय कालीन, एरिया रग्स आदि सजा सकती है। आजकल सोफों और दीवान पर 'थ्रो' का चलन भी है।

टेबल और पेडस्टल लैंप्स भी वह आकर्षक एक्सेसरीज हैं, जो प्रकाश के साथ-साथ साज-सज्जा को एक स्टाइल स्टेटमेंट देते है। टेबल और पेडस्टल लैंप्स की भांति अन्य फंक्शनल एक्सेसरीज जैसे दीवार घड़ियां, टेबल क्लॉक, कैंडल स्टैंड, दर्पण, संगीत वाद्य उपकरण, ऐश ट्रे आदि भी एक्सेसरीज के रूप में प्रयोग की जाती है। अपने प्रयोगात्मक पहलू के अतिरिक्त यह घर की सजावट को और भी बेहतर बना देती है।

लिविंग और ड्राइंग रूम ज्यादा फॉर्मल स्थान हैं, अत: यहां की साज-सज्जा पर ध्यान देना अति आवश्यक है। एक बात पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है कि एक्सेसरीज और साज-सज्जा की थीम एक सी ही हो। यदि लिविंग रूम की सज्जा का स्टाइल भारतीय है, तो उसके अनुरूप ही सजावट को कॉम्पलीमेंट करती हुयी एक्सेसरीज चुनें।

इसी भांति चुनी गयी एक्सेसरीज के बीच का तारतम्य भी बहुत जरूरी है। एक ही लिविंग रूम में एक साथ प्रदर्शित विभिन्न एक्सेसरीज के बीच एकरूपता अति आवश्यक है।

अक्सर एक्सेसरीज और सजावटी सामान एक साथ नहीं खरीदे जाते है। यह एक संग्रह है जो समय के साथ बढ़ता है, अत: हमेशा कोई नई वस्तु लेने से पूर्व इसका प्रयोग होने का स्थान और इसके आसपास रखी वस्तुओं से इसका संबंध जरूर सुनिश्चित करे।

लिविंग रूम के विपरीत बेडरूम और स्टडी रूम अति इनफार्मल जगहे है, किंतु यहां एक्सेसरीज का प्रयोग इन जगहों को एक व्यक्तिगत पहचान देता है। यहां पर आप अपनी पर्सनल पसंद की चीजों को सजाती है।

यहां पर भी टेबल या पेडस्टल लैंप, फोटो फ्रेम, दर्पण, वॉल या टेबल क्लॉक जैसी फंक्शनल एक्सेसरीज प्रयोग की जा सकती हैं। इसके अतिरिक्त खिलौने, अन्य प्लेयिंग इक्विपमेंट्स, किताबें, फ्लावर वॉस, पेंटिंग्स, पसंदीदा पोर्टेट आदि भी बेडरूम की एक्सेसरीज बन सकती है। यहां कालीन, एरिया रग्स के अतिरिक्त बेड कवर व कुशन्स भी प्रयोग किये जा सकते है।

बेडरूम की एक्सेसरीज में स्टाइल और आपस की एकरूपता के अतिरिक्त एक बिलॉगिंगनेस का भाव भी अति आवश्यक है अर्थात यहां रखी सजावटी वस्तुएं वह हों जिन्हे आप दिल से पसंद करती हों या यूं कहे प्यार करती हों।

इनके अतिरिक्त रसोईघर और बाथरूम जैसे सामान्यत: उपेक्षित किये जाने वाले स्थान भी एक्सेसरीज की सहायता से अति विशिष्ट दिखने लगते है।

रसोईघर में तो यहां पर प्रयोग होने वाले बर्तन, पैन, क्रॉकरी, कटलरी आदि ही सजावट के सामान बन जाते है। इसके अलावा मर्तबान, रंग-बिरंगे प्लास्टिक के बर्तन, ट्रे आदि भी सजावट के लिये इस्तेमाल किये जा सकते है। आर्टीफिशियल या ओरिजनल फूल-पत्ती भी रसोई और बाथरूम में सजायी जाती है।

बाथरूम में कॉस्मेटिक्स के अतिरिक्त खास बाथरूम एक्सेसरीज जैसे कांच के रंगीन बर्तन, हैड मेड टाइल्स की छोटी पेंटिंग्स आदि सजायी जा सकती है।

इसी प्रकार घर के अन्य हिस्सों जैसे बच्चों का कमरा, गेस्ट रूम या घर के बुजुर्गो का कमरा सभी उनकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सजाए जा सकते है।

उपयुक्त एक्सेसरीज से तो आजकल घर के बरामदा, गैलरी, बालकनी और गार्डेन को भी बहुत विशिष्ट लुक दिया जा रहा है।

[राहुल तिवारी]

वास्त

मेरे घर का मुख्यद्वार उत्तर-पश्चिम दिशा में स्थित है। मैं यह जानना चाहती हूं कि कहीं मेरे घर के मुख्यद्वार में कोई वास्तुदोष तो नहीं है? घर के मुख्यद्वार की आदर्श स्थिति क्या होनी चाहिए?

कविता मुंजाल, अमृतसर

आपके घर के मुख्यद्वार में मामूली सा वास्तुदोष है। दरअसल, इस दिशा में मुख्यद्वार होने पर परिवार के सभी सदस्यों के जीवन में अनावश्यक भाग-दौड लगी रहती है। आपके पति का तबादला जल्दी-जल्दी हो सकता है। घर के मामलों में बाहरी लोगों का हस्तक्षेप बढ सकता है। इस वास्तु दोष को दूर करने के लिए अगर संभव हो तो आप अपने घर का मुख्यद्वार उत्तर-पश्चिम दिशा से हटा कर उत्तर-पूर्व दिशा में कर दें। अगर ऐसा करना संभव न हो तो उत्तर-पूर्व दिशा में एक छोटा सा गेट लगा दें ताकि पैदल आते-जाते समय परिवार के सभी सदस्य उसी गेट का इस्तेमाल कर सकें।

मेरे घर में बेटे-बहू का बेडरूम ऊपरी मंजिल पर है और हमारा कमरा ग्राउंड फ्लोर पर है। हमारे परिवार में सभी सदस्यों के आपसी संबंध तनावपूर्ण रहते हैं। हमें वास्तु के किन उपायों को अपनाना चाहिए ताकि हमें ये समस्याएं न हों?

आशा शर्मा, पानीपत

वास्तु के अनुसार आपका बेडरूम ऊपरी मंजिल पर होना चाहिए और बेटे-बहू का कमरा ग्राउंड फ्लोर पर होना चाहिए। अगर संभव हो तो आप ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में शिफ्ट हो जाएं और बेटे-बहू को नीचे भेज दें। अगर व्यावहारिक दृष्टि से ऐसा करना संभव न हो तो आप कम से कम इस बात का ध्यान जरूर रखें कि आपका कमरा बेटे के कमरे के ठीक नीचे न होकर कहीं और हो। अपने परिवार में शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए आप अपने कमरे में क्रिस्टल से बना कोई शो पीस रखें।

आजकल मेरी बहू गर्भवती है। इससे पहले उसकी दो संतानों की गर्भ में ही मृत्यु हो चुकी है। इस वजह से हम लोग उसकी सेहत को लेकर बहुत चिंतित हैं और हमारी कामना है कि इस बार बहू स्वयं स्वस्थ रहते हुए स्वस्थ शिशु को जन्म दे। इसके लिए हमें क्या करना चाहिए?

शशिप्रभा रावत, कोटद्वार

सबसे पहले आप इस बात का ध्यान रखें कि आपकी बहू का कमरा उत्तर-पूर्व दिशा में कदापि न हो। गर्भावस्था के दौरान और प्रसव के बाद भी कुछ माह तक आप अपनी बहू को दक्षिण-पश्चिम दिशा में स्थित कमरे में रखें। इस बात का ध्यान रखें कि सोते समय उसका सिरहाना पूर्व या पश्चिम दिशा में हो। बहू के बेडरूम की पश्चिमी दिशा की दीवार पर श्रीकृष्ण भगवान के बाल रूप का या किसी हंसते-मुसकुराते बच्चे का पोस्टर लगाना चाहिए। आप चाहें तो अपनी बहू के कमरे में कुआन्-यिन-मदर अर्थात संतान की देवी का फेंगशुई शो पीस भी लगा सकती हैं।

मेरे पति ने टीवी और कंप्यूटर बेडरूम में ही लगा रखा है। मैंने कई लोगों से सुना है कि ऐसा करना वास्तु की दृष्टि से उचित नहीं है। मैं यह जानना चाहती हूं कि क्या यह सच है?

कविता मिश्रा, जयपुर

आपने बिलकुल सही सुना है। जिस समय टीवी या कंप्यूटर ऑन रहते हैं तो उनसे निकलने वाले इलेक्ट्रो मैगनेटिक रेडिएशन की क्षमता 0.7 मिलीगॉस से भी ज्यादा होती है। जिसका मस्तिष्क पर बहुत बुरा असर होता है। अगर बेडरूम में इलेक्ट्रॉनिक्स के सामान रखे जाएं तो इससे वहां सोने वाले व्यक्ति को तनाव, सिरदर्द, चिडचिडापन, अनिद्रा और डिप्रेशन जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इसलिए ऐसी चीजों को अपने बेडरूम से बाहर ही रखने की कोशिश करें।

मैं नए फ्लैट में शिफ्ट होने जा रही हूं। मैं यह जानना चाहती हूं कि वहां तुलसी का पौधा किस दिशा में लगाना चाहिए?

स्वाति सिंह, भोपाल

तुलसी का पौधा लगाने के लिए पूर्व या उत्तर दिशा सबसे अधिक उपयुक्त होती है। अगर आपके नए फ्लैट की इस दिशा में बॉलकनी न हो तो आप किसी भी दिशा में तुलसी का पौधा लगा सकती हैं क्योंकि जिस दिशा में तुलसी का पौधा होता है, वहां का वातावरण अपने आप शुद्ध हो जाता है। लेकिन इस बात का ध्यान जरूर रखें कि उसके आसपास कोई गंदगी न हो।

मेरा किचन उत्तर-पूर्व दिशा में है और पूजा का कमरा दक्षिण-पूर्व दिशा में बना है। मैं यह जानना चाहती हूं कि क्या यह वास्तु की दृष्टि से ठीक है या इसमें सुधार की जरूरत है?

सीमा भौमिक, इलाहाबाद

आपके घर में ये दोनों ही चीजें गलत दिशा में बनी हुई हैं। किचन का वास्तुदोष दूर करने के लिए आप वहां गैस स्टोव को दक्षिण-पूर्व दिशा के कोने में रखें और उत्तर-पूर्व या उत्तर दिशा में सिंक बनवाएं। पूजा के स्थान को दक्षिण-पूर्व से हटा कर उत्तर-पूर्व दिशा में ले आएं। अगर इस दिशा में पूजा का अलग कमरा बनाना संभव न हो तो इस दिशा में बने किसी भी कमरे के एक हिस्से में भगवान के चित्र या मूर्तियां स्थापित करके वहां पूजा का स्थान बना लें। इस बात का ध्यान जरूर रखें कि पूजा करते समय आपका मुख सदा पूर्व दिशा में रहे।

डॉ. आनंद भारद्वाज

कम जगह में खुलापन कैसे लाए

मेरा घर साढे दस गुणा 85 फुट का है। चौडाई कम होने के कारण वह रेलगाडी के डिब्बे जैसा दिखता है। कैसा फर्नीचर लगाऊं कि घर थोडा ज्यादा चौडा दिखे और लागत भी कम आए।

अंजू लालगढिया, गंगानगर (राजस्थान)

85 फुट वाली दीवार पर किसी भी रंग का गहरा टोन इस्तेमाल करें। साढे दस फुट वाली दीवार पर सफेद रंग प्रयोग करें। वॉल कलर भी हलके रंग का हो। फर्श पर एक ही पैटर्न होना चाहिए। फे ब्रिक लाइट कलर का हो। घर में भारी-भरकम फर्नीचर के बजाय हलके और कम फर्नीचर इस्तेमाल करें। कारपेट के बजाय रग्स लगाएं। इससे घर थोडा खुला लगेगा।

हमारे टीनएजर बच्चों का कमरा 12 गुणा 12 का है। हम जानना चाहते हैं कि उनके कमरे में कैसा व्हाइट वॉश कराएं और किस रंग के फैब्रिक का प्रयोग करें।

ए.मलहोत्रा, दिल्ली

अगर बच्चे बहुत छोटे नहीं हैं और आप बंक बेड नहींलगाना चाहते तो 4 गुणा 6 फुट का बेड लगाएं, जिसमें बॉक्स हों, ताकि उसमें सामान आ जाए। दो बेड के बीच में एक साइड टेबल रख लें। स्टडी टेबल 2 गुणा 6 फुट की हो। इसे दीवार की ओर लगाकर दीवार पर एक कैबिनेट बना दें, ताकि किताबें व अन्य पढाई का सामान उसमें आ जाए। टेबल पर नीचे सीपीयू रखने की जगह के अलावा एकाध ड्रॉअर बना लें। अगर कमरा बेटी का है तो वॉल के लिए पिंक-पर्पल कलर चुन सकते हैं, इसी का डार्कर शेड परदों के लिए ले सकते हैं। बाकी एक्सेसरीज व्हाइट कलर में रख सकते हैं। बेटे के लिए डार्क ब्ल्यू और लाइट स्काई ब्ल्यू कलर का इस्तेमाल करें।

हमने कुछ ही महीने पूर्व अपना नया घर बनवाया है। बजट के हिसाब से हमने बाथरूम में सिंपल टाइल्स लगवाई हैं और क्रीम कलर के डब्लू.सी. हैं, जिससे बाथरूम में सफाई रखने पर भी डल लुक आता है। मैं क्या करूं कि बाथरूम थोडा साफ-सुथरा दिखे और सफाई भी आसान हो?

सिल्की गुप्ता, गोहाना (हरियाणा)

आपने अपने बाथरूम का साइज हमें नहीं लिखा है, इसलिए पूरी तरह इसका समाधान करना मुश्किल है। फिर भी अगर बाथरूम में डब्लू.सी. आइवरी कलर के हैं तो सीलिंग पर डार्क ब्राउन या पेस्टल शेड्स रखें। वॉल होल्डर लगाएं और उसमें डार्क कलर की एक्सेसरीज रखें। आजकल आमतौर पर वॉश बेसिन काउंटर पर लोग ग्लास में सफेद टॉवल रोल करके रखते हैं। सफेद के बजाय आप रेड या ऑरेंज टॉवल का प्रयोग करें। कोक, ब्राउन, पिंक, ऑरेंज शेड्स के अलावा कुछ रंग-बिरंगे ड्राई फ्लॉवर भी रखें। बाथरूम की नीरसता खत्म हो जाएगी।

हम सरकारी घर में रहते हैं। मेरे पति का ट्रांसफर होता रहता है। बार-बार लाने-ले जाने से फर्नीचर बहुत टूट-फूट जाता है और पुराना दिखने लगता है। हर बार नया फर्नीचर नहीं खरीद सकते। कोई विकल्प बताएं कि फर्नीचर सुरक्षित रह सके।

आशा चौधरी, अलीगढ

अगर आपके पति का ट्रांसफर होता रहता है तो फर्नीचर कम से कम और हलका रखें। उतना ही सामान रखें, जिनके बगैर काम न चल सकता हो। बेहतर हो कि मल्टी-पर्पज फर्नीचर रखें। इसके अलावा फोल्डिंग सामान का अधिक से अधिक इस्तेमाल करें। जब भी सामान दूसरी जगह शिफ्ट करना हो, उनकी पैकिंग अच्छी तरह करें, ताकि फ्रिज या वॉशिंग मशीन जैसे सामानों पर स्क्रेच न पडें। पैकिंग के लिए कुछ जानकारों की मदद लें।

सखी प्रतिनिधि