पत्तागोभी खाएं स्लिम हो जाएं

पत्तागोभी के हरे पत्ते में बेशुमार गुण भरे होते है। सामान्य समझी जाने वाली इस सब्जी में अनेक औषधीय गुण है। पत्तागोभी के नियमित सेवन से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता में वृद्धि होती है। हाल ही में हुए अध्ययनों से पता चला है कि पत्तागोभी वजन घटाने में काफी लाभदायक साबित हुई है।

स्वाद में मधुर, शीतल, हल्की व हृदय को ताकत प्रदान करने वाली पत्तागोभी में कैंसर को रोकने की अपार क्षमता है। यदि कैंसर के रोगी पत्तागोभी के ताजे पत्तों का सेवन प्रतिदिन सुबह खाली पेट करे, तो काफी फायदा होता है। चिकित्सकों का कहना है कि पत्तागोभी में एक ऐसा रसायन विद्यमान रहता है, जिसमें स्तन कैंसर पैदा करने वाले तत्वों की मात्रा घटाने की क्षमता होती है।

इसके अलावा इसमें विटामिन बी-1, बी-2, बी-3, बी-6 और बी-9 पाया जाता है। इसमें आयरन और कैल्शियम भी भरपूर मात्रा में रहता है। साथ ही यह पोटेशियम, जिंक, ग्लूटामाइन और मैग्नीशियम का भी बेहतर स्त्रोत है।

आहार विशेषज्ञों के अनुसार पत्तागोभी में काफी मात्रा में विटामिन सी पाया जाता है। यह रेशेदार तत्वों से भरपूर है। यही नहीं इसमें कुछ ऐसे तत्व मौजूद रहते है, जो मनुष्य के शारीरिक विकास व बुद्धि को तीव्र करने में सहायक होते है।

पत्तागोभी में सेल्युलोस नामक तत्व मौजूद होता है, जो हमें स्वस्थ रखने में सहायक है। यह तत्व शरीर से कोलेस्ट्रोल की मात्रा को दूर करता है। इसे मधुमेह के रोगियों के लिए विशेष लाभकारी माना जाता है। यह खांसी, पित्त व रक्त विकार में भी लाभकारी है।

जर्मन पद्धति के अनुसार पत्तागोभी को काटकर उसमें नमक लगाकर उसे खट्टा होने के लिए रख दिया जाता है। इस विधि से तैयार पत्तागोभी को 'सोर क्राउट' के नाम से जाना जाता है। 'सोर क्राउट' में प्रचुर मात्रा में विटामिन पाए जाते है। हृदय रोगों को दूर करने के लिए सोर क्राउट का प्रयोग काफी लाभदायक है।

पेट व आंखों के अल्सर, उदर वायु, आमाशय या लिवर के रोगियों के लिए यह वरदान साबित हो सकता है। भूख बढ़ाने के लिए इसका प्रयोग किसी टॉनिक से कम नहीं है। कारण, यह पाचन क्रिया को नियंत्रित रखता है व शरीर को रोगों से बचाने में सहायक सिद्ध होता है।

सलाद के रूप में भी पत्तागोभी को काफी पसंद किया जाता है। दिन में एक-दो बार इसका सेवन शरीर का वजन नियंत्रित करने में सहायक सिद्ध हो सकता है। इसमें संक्रामक रोगों से लड़ने की शक्ति होती है। 200 ग्राम पत्तागोभी में विटामिन सी की उतनी मात्रा होती है जितनी किसी व्यस्क के लिए आवश्यक होती है।

[उर्वशी]